नेपाल में पुलिस द्वारा बरामद नकली नोट व अफीम
रूपईडीहा (बहराइच)। नेपाल पुलिस ने मंगलवार को कोहलपुर स्थित न्यूरोड से भारी मात्रा में अफीम व नकली नोट बरामद किया है। बरामदगी के साथ पुलिस ने एक युवक व एक युवती को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है। पकड़ा गया आरोपी नेपाल में पत्रकारिता करता है।
सुर्खेत पुलिस के डीएसपी मोहन जंग बुड थापा ने बताया कि बीते दिनों सुर्खेत में एक युवक को नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया गया था। जिसपर उसने एक अन्य साथी के कोहलपुर में मौजूद होने की सूचना दी थी। जिसके बाद जनगर्जन नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड की शाखा पर छापा मारा गया। जहां से पत्रकार मन बहादुर सहकारी और सपना पुन को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान इनके कार्यालय से एक-एक हजार के 51 नकली नेपाली नोट और 19 किलो 325 ग्राम अफीम बरामद हुआ।
साथ ही नकली नोट छापने की मशीन, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। आरोपी मन बहादुर कपिलवस्तु जिले के शिवराज नगरपालिका वार्ड नंबर नौ का निवासी है और कोहलपुर-11 में रहकर जनगर्जन नेटवर्क के नाम से कार्यालय चला रहा था।