बहराइच/ चित्तौरा/ रिसिया। शहर के राणी सती मंदिर में शनिवार को निशान पूजा के अवसर पर 75 जोड़ों ने विधि-विधान से निशान चढ़ाए। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। पूजा के बाद भजन-कीर्तन के साथ निशान यात्रा निकाली गई।
यात्रा राणी सती मंदिर से शुरू हुई। श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर भक्ति गीत गाते हुए अग्रसेन चौक तक पहुंचे। वहां से यात्रा अतुल मातनहेलिया के निवास स्थान तक गई। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। महिलाओं और पुरुषों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। निवास स्थान पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा फिर से मंदिर पहुंची, जहां आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस मौके पर मंदिर प्रबंधक विनीत, सुमित टेकड़ीवाल, अनिल मातनहेलिया, राजेश सुल्तानिया, तुषार सुल्तानिया, अमन, प्रशांत टेकड़ीवाल, शुभम टेकड़ीवाल, हर्षित डालमिया, बीना टेकड़ीवाल, अनीता मातनहेलिया, ईशा केडिया, श्वेता टेकड़ीवाल और दीक्षा टेकड़ीवाल सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।
चित्तौरा प्रतिनिधि के अनुसार चिलवरिया बाजार से शनिवार की सुबह श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से बाबा श्याम का निशान पूजन किया गया। इसके बाद सैकड़ों श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर पैदल यात्रा करते हुए खाटू श्याम मंदिर बहराइच पहुंचे और बाबा को निशान अर्पित किया। यात्रा में मोहित अग्रवाल, धीरू अग्रवाल, धीरज अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, मुकेश गुप्ता व अनिल साहू सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।
रिसिया प्रतिनिधि के अनुसार नगर के शास्त्री नगर स्थित श्याम बाबा मंदिर से गाजे-बाजे के साथ निशान शोभा यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल उड़ाते हुए बाबा श्याम के भजनों पर नाचते-गाते चल रहे थे। यात्रा नानकपुरा, सरस्वती नगर, इंदिरा नगर, ऋषि भूमि और आजाद नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए स्टेशन चौराहे पहुंची। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। अंत में मंदिर पहुंचकर आरती के बाद भंडारा हुआ।