जिले के मतगणना केंद्रों पर रविवार को मेले सा माहौल रहा। कई जगह आवागमन भी प्रभावित रहा। जरवल, कैसरगंज, फखरपुर और रुपईडीहा में मार्गों पर भारी भीड़ के कारण आम आदमी को परेशानी उठानी पड़ी। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर जाम लगने के बाद पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा।
जिले में मतगणना केंद्रों पर रविवार सुबह से ही दुकानें सज गईं थीं। प्रत्याशी, समर्थक और एजेंट तो पहुंच ही रहे थे, उत्सुकता के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों की भी भीड़ थी। जिसके कारण सुबह से ही मतगणना केंद्र के बाहर मेले जैसा नजारा दिखा। जरवल में जय जवान जय किसान इंटर कॉलेज को मतगणना केंद्र बनाया गया था।
यहां पर कॉलेज के बाहर लखनऊ-बहराइच मार्ग पर प्रत्याशियों के समर्थक और गांव के लोग जमा रहे। इसके कारण रह-रह कर आवागमन बाधित होता रहा। यहां पर दोपहर में 12:30 बजे के आसपास पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए खदेड़ना पड़ा। लगभग यही स्थित कैसरगंज और फखरपुर मतगणना केंद्रों के बाहर दिखी।
यहां भी भीड़ के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नानपारा और रुपईडीहा मतदान केंद्र के बाहर सड़क पर भारी भीड़ के कारण लोगों को दिक्कत हुई। चाय, पान की दुकानें सजी होने से दुकानदारों की भी चांदी रही। भारी भीड़ के चलते खूब बिक्री हुई।