फखरपुर (बहराइच)। फखरपुर क्षेत्र में रविवार रात एक मनबढ़ मनचले ने किशोरी के घर छलांग लगा दी और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। इस दौरान शोर सुन उठे परिजनों ने युवक को दबोच लिया और रस्सी से हाथ-पैर बांध कर जमकर पीटा।
घर में कूदे युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान तारिक के रूप में हुई है। वीडियो में युवक के दोनों रस्सी से बंधे दिख रहे हैं और एक युवक गैस सिलेंडर की पाइप से उसे पीट रहा है। साथ ही उससे घर में घुसने के रास्ते आदि की जानकारी मांग रहा है।
मामले को लेकर किशोरी के पिता की तहरीर पर फखरपुर पुलिस ने तारिक पर पॉक्सो की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं हाथ-पैर बांध कर पिटाई करने को लेकर युवक के परिजनों की तहरीर पर किशोरी के परिजनों पर मारपीट की धाराओंं में केस दर्ज कर लिया है।
युवक किशोरी के घर में घुस कर छेड़खानी कर रहा था, इस पर पॉक्सो की धाराओंं में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। वहीं पिटाई को लेकर किशोरी के परिजनों पर भी केस दर्ज किया गया है।
-रवि खोखर, सीओ कैसरगंज