नानपारा में सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक करतीं एसडीएम। - स्रोत : विभाग
बहराइच/बाबागंज। नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके लिए एसडीएम नानपारा ने सोमवार को राजस्व, पुलिस, एसएसबी व वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सीमा से सटे शून्य से 15 किमी के संवेदनशील क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने की कार्ययोजना बनाई गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने कहा कि सरकारी जमीन पर किए गए कब्जे को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, विधिसम्मत और नियमों के तहत कराई जाए, जिससे आम जनमानस में प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो सके।
तहसीलदार द्वारा एसडीएम को सौंपी गई रिपोर्ट में बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र के शून्य से 15 किमी के दायरे में 367 अतिक्रमण चिह्नित किए गए थे। इनमें से 184 अतिक्रमण को पूर्व में हटाया जा चुका है, जबकि 13 जगहों से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया चल रही है।
बताया कि तीन दिनों में 19 और अतिक्रमण को हटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अन्य शेष स्थानों पर हुए अतिक्रमण को भी शीघ्र ही कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि सीमा क्षेत्र में सुचारु प्रशासन, भूमि संरक्षण और कानून व्यवस्था को बनाए रखना सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हटाए गए अतिक्रमण वाले स्थान पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्ती के साथ कार्रवाई की जाए। बैठक में अधिकारियों ने फील्ड स्तर पर समन्वय बनाकर अभियान को प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।