मटेरा में रेलवे की जमीन पर हटाया जा रहा अतिक्रमण।
मटेरा। रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को बुधवार को रेलवे पुलिस बल और मटेरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान दुकानों के सामने बनाए गए फर्श और लगाए गए टिनशेड को हटाया गया। अतिक्रमण हटने से यात्रियों और राहगीरों को राहत मिली। मटेरा रेलवे स्टेशन के आसपास कई दुकानदारों ने रेलवे की जमीन पर टिनशेड डालकर फर्श बना लिया था। इससे रास्ता संकरा हो गया था और वाहनों के आवागमन में दिक्कत होती थी।
पुलिस टीम बुधवार को मौके पर पहुंची और अपनी मौजूदगी में अतिक्रमण हटवाया। कार्रवाई के बाद रेलवे की जमीन खाली हो गई और आवागमन का रास्ता भी खुल गया। स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटने पर राहत जताई। मटेरा स्टेशन अधीक्षक संतराम चौधरी ने बताया कि काफी समय से अतिक्रमण फैला हुआ था। इसे संज्ञान में लेकर कार्रवाई की गई है। अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी भी दी गई है।