बहराइच में जेलरोड पर नगर पालिका की ओर से जेसीबी द्वारा हटाया जा रहा अतिक्रमण।
बहराइच। शहर के डीएम चौराहे से जेलरोड तक शुक्रवार को भी नगर पालिका प्रशासन व यातायात की पुलिस टीम की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने मार्ग की दोनों पटरियों पर हुए अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया। जेलरोड पर अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताया।
शहर का नगर पालिका प्रशासन महाकुंभ मेले में वाहनों के आवागमन में कोई परेशानी न हो, इसके लिए मौजूदा समय अतिक्रमण हटाने का अभियान चला रहा है। शुक्रवार को नगर पालिका की ईओ प्रमिता सिंह व यातायात निरीक्षक बीके मिश्रा की अगुवाई में टीम डीएम चौराहे पर पहुंची। इस दौरान टीम ने सीडीओ, नगर मजिस्ट्रेट, एडीएम समेत अन्य अधिकारियों के सामने किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर लगाकर गिरा दिया गया। टीम ने अभियान चलाते हुए जेलरोड स्थित डाॅ. केडिया की क्लीनिक के पास पहुंकर अतिक्रमण हटाना शुरू किया। इस दौरान यहां के पूर्व सभासद की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करने लगे।
हालांकि मौके पर मौजूद भारी संख्या में पुलिस बल ने सख्ती के साथ अतिक्रमण को हटाकर चेतावनी दी कि अगर दोबारा अतिक्रमण करते मिले, तो सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान सफाई निरीक्षक सुरेश गोविंद मिश्रा, राजस्व निरीक्षक सतीश यादव, अनुराग शाही समेत काफी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही।