पयागपुर (बहराइच)। महरौली गांव में बुधवार देर रात असलहों से लैस आधा दर्जन बदमाश पहुंच गए। गांव के बाहर हलचल देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बदमाशों को घेर लिया। इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, ग्रामीणों ने भी बदमाशों पर पथराव किया।
इस पर बदमाश भागने लगे। भागते समय बदमाशों ने झाड़ी में खड़ी अपनी पिकअप को आग के हवाले कर दिया। भाग रहे दो बदमाशों को एक घंटे के संघर्ष के बाद पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर ही भोर में दो और को दबोच लिया गया। वहीं फरार दो बदमाशों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पयागपुर थाना अंतर्गत ग्राम महरौली के लोग बुधवार रात 11.30 बजे के आसपास गर्मी अधिक होने के चलते अपने द्वार पर सो रहे थे। वहीं कुछ ग्रामीण घर की छत पर टहल रहे थे। तभी गांव के बाहर कुछ लोगों के हलचल की आहट मिली। टार्चें जल रही थीं। इस पर ग्रामीणों को शक हुआ। लगभग आठ की संख्या में ग्रामीण मामले का पता लगाने के लिए गांव के बाहर निकले तो कुछ दूरी पर वाहन खड़ा दिखा।
वहीं ग्रामीणों को देखकर टार्च जला रहे लोग खेतों में छिप गए। इस पर ग्रामीणों को बदमाशों के मौजूद होने का अनुमान लग गया। ग्रामीणों ने तत्काल थाने पर सूचना दी। थानाध्यक्ष राजकुमार सरोज दलबल के साथ 10 मिनट में गांव पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गन्ने के खेत को घेरकर बदमाशों को ललकारा। इस पर बदमाशों ने कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की।
पुलिस के मुताबिक बदमाशों की ओर से लगभग सात चक्र फायरिंग की गई। बदमाशों की फायरिंग देखकर ग्रामीणों ने बदमाशों पर पथराव शुरू कर दिया। इससे घबराये बदमाशों ने झाड़ियों में छिपायी गयी अपनी पिकअप को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद असलहे लहराते हुए भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को मौके पर दबोच लिया जबकि चार फरार हो गए।
पकड़े गए दो बदमाशों की पहचान मनोज व कमलेश निवासी धरकारनपुरवा के रूप में हुई। दोनों ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों के नाम कुबूले। इस पर रात में ही पुलिस ने दबिश देकर लेंगड़ उर्फ राजेश और सुनील कुमार को दबोच लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि फरार दो अन्य बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
क्षेत्र में इस समय चार पहिया वाहन से बदमाश लूटपाट कर रहे हैं। महरौली गांव में भी पिकअप लेकर बदमाश लूटपाट करने गए थे लेकिन ग्रामीणों की सजगता से लूट की वारदात नहीं हो सकी और बदमाश दबोचे गए।
पयागपुर क्षेत्र में आपराधिक वारदातें बढ़ी हैं। इस पर बुधवार को पुलिस ने ग्राम प्रधानों व ग्रामीणों की बैठक कर उन्हें गांव में पहरेदारी के लिए सजग किया था। बैठक के कुछ घंटे बाद महरौली गांव में ग्रामीणों की सजगता से वारदात को अंजाम देने आए बदमाश पकड़े गए। चार पहिया वाहन सवार बदमाश क्षेत्र के गांवों में समृद्ध परिवारों की टोह लेकर उन्हें निशाना बनाते हैं। बदमाश एक रात में तीन से चार घरों में वारदात को अंजाम देते हैं।