बहराइच। केंद्र सरकार की कॉमन रिव्यू की टीम ने सोमवार को जरवल के बंभौरा उप स्वास्थ्य केंद्र व हेल्थ वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम के अधिकारियों ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद टीम के सदस्य मदरहा आरोग्य केंद्र पहुंचे। यहां पर मिली कमियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
केंद्र सरकार की कॉमन रिव्यू टीम की डॉ. शीतला राही की अगुवाई में संजीता, डॉ. मनोज शुक्ला, श्वेता, ऋचा, डब्ल्यूएचओ के वेद यादव, संदीप गुप्ता और विनोद कनौजिया पांडेयपुरवा उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां पर सफाई, दवा उपलब्धता समेत अन्य जानकारी ली। इसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों से वार्ता की। उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया।
प्रसव कक्ष में टीम ने पहुंचकर सरकारी सुविधाओं की जानकारी मरीजों से ली। इसके बाद टीम के सदस्य हेल्थ वेलनेस सेंटर पहुंचे। यहां सीएचओ अर्चना चौधरी तथा एएनएम सावित्री यादव से गर्भवती महिलाओं के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. जयंत, डॉ. वीपी वर्मा, बीसीपीएम राशिद, अधीक्षक डॉ. निखिल सिंह आदि मौजूद रहे।
उधर, टीम के डॉ. संगीता गावरी, डॉ. एके गुप्ता, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. पल्लवी, डॉ. सुनीश आर, सीमा उपाध्याय, श्वेता राय, डॉ. वेदप्रकाश यादव नेे देेर शाम कैसरगंज के हेल्थ वेलनेस सेंटर मदरहा का निरीक्षण किया।
सेंटर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वेलनेस सेंटर कमियां मिलने पर उसे पूरा करने के निर्देश दिए। सदस्यों ने ग्राम प्रधान नारायण वर्मा से बातचीत कर सुविधाएं जांची। इस दौरान अधीक्षक कैसरगंज डॉ. एनके सिंह, डॉ. एसके सिंह, बीपीएम आदित्य गुप्ता, सीएचओ नीलू समेत अन्य मौजूद रहे।