बहराइच में कतर्नियाघाट के कारीकोट में हाथियों के हमले में नष्ट हुई फसल।
- फोटो : BAHRAICH
बिछिया (बहराइच)। लोहरा कारीकोट गांव में देर शाम पहुंचे हाथियों के झुंड ने तीन ग्रामीणों की 10 बीघा गेहूं की फसल रौंदकर बर्बाद कर दी। साथ ही एक ग्रामीण का मकान ढहा दिया। हाथियों के उत्पात की सूचना ग्रामीणों ने रेंज कार्यालय पर दी। वनकर्मियों ने मौके का मुआयना किया है। ग्रामीणों ने मुआवजे के लिए डीएफओ को पत्र भेजा है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में नेपाली हाथियों का उत्पात जारी है। नेपाल के रायल बर्दिया नेशनल पार्क से आया पांच हाथियों का झुंड इस समय कतर्निया जंगल के सटे गांवों में उत्पात मचा रहा है। बुधवार देर शाम हाथियों का झुंड कतर्नियाघाट रेंज की ग्राम पंचायत कारीकोट के लोहरा गांव पहुंच गया। हाथियों ने गांव निवासी दयाराम, निर्मल व अमेरिका की 10 बीघा गेहूं की फसल को रौंद दिया। इसके बाद हाथियों ने नंदू पुत्र रामबली के घर को गिरा गया।
हाथियों को भगाने के लिए ग्रामीणों ने ढोल, पीपा बजाया। इस पर हाथी जंगल की ओर गए। हाथियों के उत्पात की सूचना ग्रामीणों ने रेंज कार्यालय पर दी। वन दरोगा अनिल कुमार की अगुवाई में वनकर्मी गांव पहुंचे और क्षति का आकलन किया। वहीं मुआवजा की मांग को लेकर पीड़ितों ने डीएफओ जीपी सिंह, वन क्षेत्राधिकारी पीयूष मोहन श्रीवास्तव को पत्र भेजा है।