बहराइच। भीषण गर्मी में जिले की विद्युत व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में बिजली की कटौती से जनता त्रस्त है। बुधवार को ग्रामीण क्षेत्रों में 11 घंटे ही बिजली मिल सकी। दिनभर बिजली गुल रहने से ग्रामीणों का बुरा हाल रहा। शहरवासी भी कटौती से परेशान रहे। बिजली आपूर्ति व्यवस्था की बदहाली उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है।
बुधवार को शहरी क्षेत्र में पूरे दिन बिजली की आवाजाही बनी रही। इस दौरान शहरवासियों को पानी के संकट से जूझना पड़ा। सबसे विकट समस्या ग्रामीणों को हुई। खैरीघाट इलाके में हर रोज सुबह बिजली कट जाती है और रात सात से आठ बजे ही आती है। रात भर बिजली का आना-जाना बना रहता है।
समस्या जल्द ही दूर करने का हो रहा प्रयास
अधीक्षण अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि अप्रैल में जिले का अधिकतम विद्युत भार 194 मेगावाट था, जो 12 जून से अधिकतम लोड 224 मेगावाट हो गया है। भार अधिक बढ़ने, लाइनों में फॉल्ट आने तथा तापमान अधिक बढ़ने के कारण समस्या हो रही है। समस्या को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि किसी भी प्रकार की शिकायत एवं सुझाव के लिए टोल फ्री नंबर- 1912, मंडलीय कन्ट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8005494418 या संबंधित उपकेंद्र पर संपर्क करें।
सुबह 9 से शाम 6 बजे तक हो रही कटौती
महसी (बहराइच)। विद्युत सब स्टेशन महसी से पिछले दो दिनों से भीषण कटौती हो रही है। सुबह 9 बजे बिजली कट जाती है, जो शाम को छह बजे के बाद आती है। कटौती के चलते कल कारखाने, उद्योग धंधे प्रभावित हो रहे हैं। ग्राम पंचायत सधुवापुर, मुढेरा, लखनापुर, खमरिया शुक्ल, चांदपारा, माशाडीह, बाजपेईपुरवा, शिवगढ़, लोधपुरवा, बकैना, थैलिया आदि गांवों की विद्युत आपूर्ति बदहाल है। ग्रामीणों का कहना है कि मामूली फाल्ट आने पर कर्मचारी ध्यान नहीं देते हैं। अवर अभियंता बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि तेज हवा चलने के कारण सप्लाई नहीं दी जा रही है।