राजीचौराहा (बहराइच)। लाइन खराब होने से क्षेत्र के 14 गांवों की बिजली सप्लाई डेढ़ माह से बाधित है। इसकी शिकायत लोगों ने पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों से की, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इससे 30 हजार लोग बिजली को तरस रहे हैं। परेशान ग्रामीणों ने एक्सईएन को पत्र भेजकर तार दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
महसी तहसील क्षेत्र के मांझा दरिया बुर्द, रामलला कुट्टी, मास्टरपुरवा, लोधनपुरवा, तिवारीपुरवा, लालजीपुरवा, मुनेसरपुरवा, नईबस्ती, खालेपुरवा, चमारनपुरवा समेत 14 गांवों में डेढ़ माह से बिजली सप्लाई नहीं आ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि केवलपुरवा के पास लाइन खराब होने से बिजली आपूर्ति बाधित चल रही है।
बिजली न मिलने से लोगों को परेशानी हो रही है। इस बारे में गांव निवासी धनीराम, विराट यादव, चंद्रमोहन, आज्ञाराम, आशाराम, नकछेद, प्रेमचंद, लालजी, सियाराम आदि ने बताया कि बिजली की लाइन खराब होने की जानकारी विद्युत उपकेंद्र को दी गई। लेकिन शिकायत के बाद भी अभी तक लाइन को दुरुस्त नहीं कराया गया है।
इससे 14 गांवों के करीब 30 हजार लोग बिजली को तरस रहे हैँ। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही विद्युत सप्लाई शुरू नहीं की गई तो वे चहलारीघाट मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन करेंगे।