झाला तरहर गांव में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर चार दिन पूर्व ओवरलोड और ट्रिपिंग के कारण फुंक गया था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जेई से की, लेकिन चार दिन बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। जिससे दो हजार आबादी बिजली और पानी के लिए तरस रही है। परेशान ग्रामीणों ने इस मामले में पावर कॉर्पोरेशन के एक्सईएन को पत्र भेजकर ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है।
पयागपुर विकास खंड अंतर्गत झाला तरहर गांव में 63 केवी का विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित है। इस ट्रांसफार्मर से गांव के आधे हिस्से को बिजली सप्लाई दी जाती है। गांव निवासी बाबू, अशोक पांडेय, तहसीलदार पांडेय, छेदीराम, रामकिशोर आदि ने बताया कि चार दिन पूर्व अधिक लोड और ट्रिपिंग के कारण विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक गया था।
इसकी शिकायत उन्होंने जेई से की। इस पर जेई ने जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन चार दिन बाद भी जले ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया है। जिससे गांव की दो हजार आबादी बिजली और पानी के लिए तरस रही है। परेशान ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एक्सईएन आरिफ अहमद से की है। वहीं, इस बारे मेें अधिशासी अभियंता विद्युत आरिफ अहमद का कहना है कि सूचना मिली है। जल्द ही ट्रांसफार्मर को बदलवाकर विद्युत आपूर्ति कराई जाएगी।