फखरपुर (बहराइच)। खालिदपुर में एलटी लाइन के तार आपस में टकराकर टूट गये। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत उपकेंद्र पर की लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। इससे मंगलवार दोपहर से 15 हजार की आबादी भीषण गर्मी व अंधेरे से परेशान हैं। उपभोक्ताओं को सबसे अधिक परेशानी पानी की है। लोग हैंडपंप से पानी भरकर काम चला रहे हैं।
फखरपुर विकास खंड अंतर्गत खालिदपुर में स्थापित ट्रांसफार्मर से कस्बे के साथ परशुरामपुर को बिजली की आपूर्ति की जाती है। कस्बा होने के कारण आबादी भी अधिक है। उपभोक्ताओं ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे के आसपास खालिदपुर में एलटी लाइन के तार आपस में टकराकर टूट गये। इसके बाद ट्रांसफार्मर की खूंटी फुंक गई जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गयी।
उपभोक्ताओं ने पहले समझा कि रुटीन कटौती हुई है लेकिन देर शाम तक बिजली नहीं आई तो सभी ने उपकेंद्र पर फोन करना शुरू किया तो पता चला कि जर्जर तार टूट जाने से आपूर्ति बाधित है। मंगलवार दोपहर से उपभोक्ता परेशान हैं लेकिन तार बदले नहीं गये जिससे 15 हजार की आबादी में बिजली-पानी को लेकर हायतौबा मची हुई है।
लोग गर्मी से बिलबिला रहे हैं लेकिन पावर कार्पोरेशन के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इतना ही नहीं उपभोक्ताओं को पानी की समस्या सबसे अधिक परेशान कर रही है। लोग हैंडपंप से पानी भरकर किसी तरह काम चला रहे हैं।
अवर अभियंता विजय तिवारी ने बताया कि जिला मुख्यालय से नये तार मंगवाए गए हैं। देर शाम तक बदल दिये जाएंगे। इसके बाद बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।