17 बीएचआर 10 - बहराइच के कलेक्ट्रेट में शनिवार को पंचायत चुनाव के नामांकन के दौरान कुछ इस तरह रही प्र?
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। पंचायत चुनाव के चौथे चरण के लिए शनिवार से नामांकन शुरू हो गया। गहमागहमी के बीच पहले दिन 11 हजार लोगों ने नामांकन दाखिल किए। जिला पंचायत सदस्य के 63 पदों के लिए 880 लोगों ने नामांकन किया। ग्राम प्रधान पद के लिए 3786 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 2700 पर्चे दाखिल किए। ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए भी 6700 पर्चे जमा हुए। सुबह नामांकन स्थलों पर सन्नाटा रहा, लेकिन दिन चढ़ते-चढ़ते नामांकन स्थलों पर दावेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस कारण देर रात तक गहमागहमी के बीच नामांकन जमा किए गए। भीड़ को नामांकन स्थलों से दो सौ मीटर की दूरी पर ही रोक दिया गया था, जिसे लेकर लोगों की पुलिस के साथ नोंकझोंक भी हुई।
जिला पंचायत सदस्य के 63 पदों के लिए शनिवार को मुख्य राजस्व अधिकारी प्रदीप यादव के न्यायालय पर नामांकन शुरू हुआ। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से जांच के बाद एक-एक कर दावेदारों और प्रस्तावकों को अंदर आने दिया गया। भीड़ को गेट पर ही रोक दिए जाने से कई दावेदारों के समर्थकों व पुलिस कर्मियों में कहासुनी की भी स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने भीड़ को अंदर नहीं जाने दिया। नामांकन कक्ष के बाहर भी भीड़ होने के कारण एक-एक कर दावेदारों को अंदर जाने दिया गया।