बहराइच। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए चुनाव आयोग ने नामांकन स्थल पर प्रत्याशी के साथ एक ही व्यक्ति को प्रवेश दिए जाने के आदेश जारी किए हैं। ब्लाक मुख्यालयों को सैनिटाइज कराए जाने के साथ एक मीटर की दूरी पर गोले भी बनाए गए हैं। जिसमें सभी का खड़ा होना अनिवार्य रहेगा। पुलिस फोर्स को भी इस काम के लिए लगाया जा रहा है।
पंचायत चुनाव के लिए शनिवार से नामांकन का दौर शुरु हो रहा है। नामांकन को देखते हुए पहले से ही प्रशासन सभी तैयारियां पूरी करने में जुटा हुआ है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग ने कोविड के तहत दिशा निर्देश जारी किए हैं। कोविड से बचाव को देखते हुए नामांकन स्थल पर महज एक प्रत्याशी के साथ एक व्यक्ति को ही प्रवेश दिए जाने की अनुमति रहेगी।
यह प्रस्तावक या अन्य कोई भी व्यक्ति हो सकता है। कोरोना से बचाव के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी ब्लाक मुख्यालयों को भी सैनिटाइज कराया जा रहा है। सभी जगह पर सोशल डिस्टेंसिंग को बनाए रखने के लिए एक-एक मीटर की दूरी पर गोले भी बनाए गए हैं। जिसमें खड़े होना अनिवार्य रहेगा। इस काम के लिए फोर्स को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।