बहराइच। रामगांव क्षेत्र स्थित धन्नी पुरवा गांव में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव निवासी जगमोहन (65 वर्ष) घर से कुछ ही दूरी पर अचेत हालत में पड़े मिले। राहगीरों ने जैसे ही उन्हें देखा, तुरंत परिजनों को सूचना दी और फिर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जगमोहन के बेटे गुड्डू मौर्य ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से बीमार चल रहे थे और अक्सर घर पर ही रहते थे। शनिवार दोपहर वह अचानक घर से निकले और थोड़ी ही दूरी पर बेसुध होकर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर उन्हें जल्दी से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के आधार पर आशंका जताई है कि उनकी मौत किसी विषाक्त पदार्थ के सेवन से हो सकती है। हालांकि अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो पाएगी। जगमोहन की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि बीमारी से तंग आकर उन्होंने खुद ही कोई जहरीला पदार्थ खा लिया होगा, जबकि अन्य लोग किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।