बहराइच। धूमनपुर गांव में सोमवार देर रात एक बुजुर्ग पर सोते समय सियार ने हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जानवर को मारकर बुजुर्ग की जान बचाई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तुरंत बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बौंकहा रामगांव के निवासी सुंदर (70) सोमवार की सुबह किसी निजी काम से अपनी ससुराल धूमनपुर गए थे। दिनभर परिचितों से मिलने और साफ-सफाई के कामों में लगे रहने के बाद रात को खाना खाकर वह खुले बरामदे में बिस्तर पर सो गए। देर रात अचानक सियार ने उन पर हमला बोल दिया।
हमले के दौरान सुंदर ने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और जानवर से हाथापाई करते रहे। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े डंडों से हमला कर सियार को मार गिराया। हमले में घायल सुंदर को निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों का कहना है कि बुजुर्ग के शरीर पर नाखून और दांतों से हुए कई घाव हैं, लेकिन उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। डीएफओ राम सिंह यादव ने बताया कि टीम को गांव भेजा गया है। हमलावर वन्यजीव सियार था। लोगों को रात में बाहर खुले में सोने से बचने की सलाह दी गई है।