बौंडी। ग्राम पंचायत कौड़हा के मजरा घोंसवा में मंगलवार को घर के पास खेल रहा आठ वर्षीय साहिल अचानक पैर फिसलने से कुएं में गिर गया। उसे कुएं में गिरता देख परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक पानी में डूबने से उसकी मौत हो चुकी थी।
गांव निवासी शमशेर का पुत्र साहिल (8) मंगलवार सुबह घर के पास खेल रहा था। पिता के मुताबिक, खेलते समय अचानक उसका पैर फिसला और वह कुएं में जा गिरा। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के बच्चे शोर माते हुए भागे, परिजन भी मौके पर पहुंचे।
परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची बौंडी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बालक का शव कुएं से बाहर निकलवाया। पिता ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी पवन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।