जरवलरोड प्राथमिक विद्यालय में लगा स्मार्ट क्लास को प्रोजेक्टर।
- फोटो : BAHRAICH
जरवल (बहराइच)। जरवलरोड प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्मार्ट क्लास सोमवार से शुरू हो गई। यह ब्लॉक का पहला स्मार्ट स्कूल बना है। बीईओ ने शिक्षकों की स्मार्ट क्लास में भूमिका पर चर्चा करते हुए उनके दायित्व के बारे में जानकारी दी गई।
विकासखंड जरवल के ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर स्थित इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय जरवल रोड प्रथम में बच्चों व शिक्षकों को प्रोजेक्टर के रूप में स्मार्ट क्लास की सौगात मिली। इसके साथ ही यह ब्लॉक का पहला स्कूल बन गया, जहां अब स्मार्ट क्लास से बच्चों को पढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी आरपी सिंह ने फीता काटकर स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया।
विशिष्ट अतिथि के तौर पर बीईओ जरवल अमित कुमार श्रीवास्तव के समक्ष बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इस अवसर पर मुख्य अतिथि आरपी सिंह ने कहा कि नए दौर में तकनीक ने हमारे जीवन को अत्यंत सरल बना दिया है। शिक्षा के क्षेत्र में भी आधुनिक तकनीक के समावेश से इसे गुणात्मक तौर पर लाभप्रद बनाने की आवश्यकता है। साथ ही कहा कि स्मार्ट क्लास के संचालन में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, तभी सार्थक परिणाम मिलेंगे।
कार्यक्रम संचालन प्रधानाध्यापक संतोष वर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि बंभौरा अजय कुमार वर्मा, खलिकुज्ज्मा, शैलेंद्र कुमार, लोकेश श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह, शिक्षिका रजनी देवी, अंजू सिंह, सुरभि जायसवाल, रोमिल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।