बहराइच। दशहरा महोत्सव का शुभारंभ रविवार को शहर समेत रिसिया और मिहींपुरवा में शोभायात्राओं के साथ हुआ। जगह-जगह निकली यात्राओं में श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। बहराइच में सरयू नदी के तट स्थित रामलीला मैदान में रामलीला का मंचन शुरू हुआ। मथुरा-वृंदावन के कलाकारों की प्रस्तुतियां देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुट रही है।
शहर के छावनी स्थित पंचायती मंदिर से निकली शोभायात्रा छावनी चौराहा, चौक, पीपल तिराहा, गुदड़ी चौराहा, काजीपुरा और बशीरगंज होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। श्री मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम लीला कमेटी के अध्यक्ष श्याम करन टेकड़ीवाल ने यात्रा का नेतृत्व किया। भाजपा नेता राहुल राय, श्रवण कुमार शुक्ला और कन्हैया सोनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि दशहरा के दिन रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण वध तक रामलीला का मंचन होगा।
रिसिया में जयकारों के साथ निकली यात्रा
रिसिया में विजया दशमी महोत्सव का शुभारंभ रामलीला कमेटी की शोभायात्रा से हुआ। अध्यक्ष मदन गोपाल यज्ञ सैनी के नेतृत्व में शाम पांच बजे रामलीला मैदान से निकली यात्रा इंदिरा नगर, ऋषि भूमि, आजाद नगर और देवीपुरा स्टेशन चौराहे से होते हुए वापस मैदान पहुंची। इसके बाद रामायण पाठ के साथ महोत्सव शुरू हुआ। यात्रा में सरदार मनजीत सिंह, जय प्रकाश अग्रहरि, मनीष गुप्ता और इंद्र बहादुर सिंह सहित अनेक लोग शामिल हुए।
मिहींपुरवा में राम रथयात्रा निकाली
मिहींपुरवा में श्रीराम लीला मेला ट्रस्ट की ओर से रथयात्रा निकाली गई। रथ पर श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप विराजमान रहे। आरती और पूजन के बाद यात्रा रामलीला मैदान से बड़ी बाजार, पश्चिमी बस स्टैंड और मुख्य बाजार होते हुए ज्ञान सागर इंटर कॉलेज पहुंची। इसके बाद वापस रामलीला मैदान में यात्रा संपन्न हुई। इस दौरान जुगल पोरवाल, मदन पोरवाल, अजय मद्धेशिया, निकुंज अग्रवाल और कमल सोनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।