बहराइच/चित्तौरा। जिले में कुत्तों की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए हमलों में एक किशोर समेत तीन लोग कुत्ते के काटने से जख्मी हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
शहर के काजीकटरा दरगाह निवासी जगदीश (60) ने बताया कि वह बृहस्पतिवार सुबह घर के पास बने शौचालय में गए थे, तभी अचानक कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया और उनको तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, इमरजेंसी में उनका इलाज चल रहा है।
उधर, हुजूरपुर के हैदराबाद गांव निवासी शकील ने बताया कि उनका बेटा इस्माइल (13) बुधवार को घर से कुछ दूरी पर दुकान से सामान लेने गया था। उसी दौरान एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उसे मुस्तफाबाद सीएचसी ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इस घटना में इस्माइल के साथ मौजूद उम्मेअमन (14) को भी कुत्ते ने काट लिया। शोर मचाने पर कुत्ता भाग गया, लेकिन किशोरी का जख्म कम है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है और प्रशासन से कुत्तों पर नियंत्रण की मांग की जा रही है।