बहराइच। विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करने पहुंचे वाणिज्य कर आयुक्त मुकेश मेश्राम ने गुरुवार रात माधौपुर गांव में चौपाल लगाई।
इसमें महिलाओं ने महिला चिकित्सक पर बिना पैसे लिए इलाज नहीं करने का आरोप लगाया। इस पर आयुक्त ने सीएमओ को उसकी सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।
एक मंदबुद्धि बालिका को देखकर उसके इलाज की व्यवस्था सीएमओ को कराने के निर्देश दिए।
विकासखंड फखरपुर के समग्र ग्राम माधौपुर में वाणिज्य कर आयुक्त मुकेश मेश्राम ने चौपाल लगाई।
इसमें ग्रामीणों व महिलाओं ने बताया कि फखरपुर सीएचसी में तैनात महिला आयुष चिकित्सक डॉ. सुमन दूबे द्वारा बिना पैसे लिए इलाज नहीं किया जाता है।
शिकायत मिलने पर आयुक्त ने सीएमओ डॉ. केबी जैन को तत्काल चिकित्सक की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि जेएसवाई की सुविधा के लिए प्रसव से पहले ही गर्भवती के बैंक खाते खुलवा दिए जाएं।
चौपाल में मंदबुद्धि बालिका अनुसुइया को देखकर उसकी मां से इलाज के बारे में जानकारी ली। पैसे के अभाव में इलाज नहीं होने को संज्ञान लेकर सीएमओ को बालिका का इलाज सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीडीओ राकेश कुमार, एडीएम विद्याशंकर सिंह, एसडीएम जेपी सिंह, सीओ अजय भदौरिया व डीडीओ एसएन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।