जरवल (बहराइच)। जरवल कस्बा निवासी एक युवक की पुत्री छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल पुत्री का इलाज कराने वह चिकित्सक के आवास पर पहुंचा। चिकित्सक ने संसाधन न होने की बात कहकर मरीज को सीएचसी रेफर कर दिया। इससे नाराज परिजनों ने चिकित्सक की पिटाई कर दी। चिकित्सक की तहरीर पर पुलिस ने पिता समेत दो के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत जरवल कस्बा निवासी अवधेश कुमार गुप्ता की बेटी मंगलवार रात को छत पर टहल रही थी। पैर फिसलने से बालिका छत से नीचे गिर गई। परिवार के लोग घायल बेटी को लेकर जरवल ब्लाक परिसर में रह रहे चिकित्सक डॉक्टर बीडी वर्मा के आवास पहुंचे। वहां पर सभी ने चिकित्सक से इलाज की बात कही। लेकिन बेहतर इलाज व संसाधनों के अभाव को देखते हुए चिकित्सक ने घायल को मुस्तफाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की सलाह दी।
इसी बात से घायल के परिजन नाराज हो गए। सभी ने चिकित्सक की पिटाई शुरू कर दी। चिकित्सक ने किसी तरह भागकर जान बचाई। चिकित्सक ने बुधवार को थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र पटेल ने बताया कि डॉ. बीडी वर्मा की तहरीर पर जरवल कस्बा गल्ला मंडी निवासी अवधेश गुप्ता व भाई प्रदीप गुप्ता के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।