शिक्षकों की कमी झेल रहे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में अधिकारी छात्रों को पढ़ाएंगे। डीएम हिंदी तो सीडीओ अंग्रेजी की क्लास लेंगे। सोमवार से यह अभिनव प्रयोग प्रारंभ होगा।
डीएम के साथ ही वह अधिकारी जो बच्चों को पढ़ाने के लिए सक्षम होंगे। वह अपने-अपने विषय की क्लास लेंगे। पंद्रह दिनों तक यह अभिनव प्रयोग चलेगा। सफल होने पर गिलौला व इकौन में भी यह मॉडल लागू होगा।
भिनगा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा नौ से बारह तक की कला व विज्ञान वर्ग की छात्राओं को शिक्षा देने की व्यवस्था है, लेकिन यहां छात्रों को पढ़ने के लिए मात्र एक उर्दू की शिक्षिका ही तैनात है। इसके चलते अधिकांश अभिभावकों ने अपने बेटियों का नाम इस विद्यालय से कटा लिया।
विद्यालय में शैक्षिक कार्य की दुर्दशा की जानकारी मंगलवार को कुछ लोगों ने डीएम नितीश कुमार को दी थी। इस समस्या का डीएम ने रास्ता निकालते हुए अधिकारियों से बच्चों की पाठशाला चलवाने का निर्णय लिया है।
इस निर्णय के अनुसार अधिकारी अपनी रुचि के अनुसार सप्ताह में दो दिन, दो-दो घंटे छात्राओं को स्कूल जाकर पढ़ाएंगे। इसके लिए डीएम ने मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक अनूप कुमार को पढ़ाने में रुचि रखने वाले अधिकारियों की सूची विषयवार बनाने का आदेश दिया था।
इस बारे में जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि वह स्वयं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में सोमवार से हिंदी व सामाजिक विज्ञान पढ़ाएंगे। जबकि मुख्य विकास अधिकारी अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान व गणित की शिक्षा देंगे।
एनआईसी प्रभारी योगेश यादव व ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शरद श्रीवास्तव छात्राओं को कंप्यूटर की शिक्षा देंगे। इसके साथ डीआईओएस, सीबीओ, डीएफओ, डीएसटीओ, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, तहसीलदार व नायब तहसीलदार सहित 28 अधिकारी क्लास लेंगे।