पीसीएस की परीक्षा में चयनित कल्याण सिंह।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। विकासखंड फखरपुर अंतर्गत केतारपुरवा तखवा गांव निवासी कल्याण सिंह ने पीसीएस परीक्षा में 2021 में 40वां स्थान प्राप्त किया है। उनके पिता जवाहर लाल मौर्या वर्तमान समय में डीएम बहराइच के वाहन चालक पद पर तैनात हैं। वाहन चालक के बेटे द्वारा पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर डीएम डॉ.दिनेश चंद्र व एसपी केशव चौधरी ने उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। उधर विकासखंड महसी अंतर्गत ग्राम पंचायत हेमनाभारी निवासी विशाल कुमार गुप्ता ने भी पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
विकास खंड फखरपुर अंतर्गत केतारपुरवा तखवा निवासी कल्याण सिंह पुत्र जवाहर लाल मौर्य ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जिले के स्कूलों से प्राप्त करते हुए स्नातक की शिक्षा बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से की। इसके बाद दिल्ली आईआईटी से एमएससी की उपाधि ली। इसके बद उनका चयन एनटीपीसी में हो गया। तबसे वह एनटीपीसी में सहायक प्रबंधक पद पर सोलापुर मुंबई में कार्यरत हैं। कल्याण के पिता जवाहर ने बताया कि उनका बेटा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहा। वह बचपन से ही बड़े सपने दिखते हुए उनको पूरा करने में लग जाता था। एनटीपीसी में नौकरी लगने के बाद से ही वह पीसीएस की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने की तैयारी कर रहा था। अब ओबीसी कैटेगरी में 40वीं रैंक प्राप्त होने से उसका चयन एसडीएम के लिए हुआ है। कल्याण की सफलता की सूचना डीएम डॉ.दिनेश चंद्र व एसपी केशव चौधरी को मिलने पर उन्होंने उसके पिता जवाहर को मिठाई खिलाते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं।
विशाल भी बने पीसीएस
उधर तहसील महसी के ग्राम पंचायत हेमनापुर निवासी विशाल कुमार गुप्ता पुत्र डॉ.मनोज कुमार गुप्ता का चयन पीसीएस में हुआ है। विशाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा संत पथिक विद्यालय बहराइच से पूर्ण की। इसके बाद उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक व एसएसबी की परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को दिया है।
बहराइच में बेटे का पीसीएस में चयन होने के बाद वाहन चालक को सम्मानित करते डीएम व एसपी।- फोटो : BAHRAICH