किसान बंधु दिवस पर बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें आठ अफसरों के नदारद रहने पर डीएम ने सख्ती बरतते हुए अग्रिम आदेश तक इन सभी का वेतन रोक दिया है।
किसान बंधु दिवस पर आयोजित बैठक में अधिशाषी अभियंता ट्यूबवेल, अधिशाषी अभियंता विद्युत, अधिशाषी अभियंता सिंचाई, जिला गन्ना अधिकारी, रेशम अधिकारी, डिप्टी आरएमओ, सहायक निबंधक सहकारिता एवं पीसीएफ अधिकारी नदारद रहे।
इस पर डीएम नितीश कुमार ने कड़ी आपत्ति जताते हुए अग्रिम आदेशों तक इन अफसरों का वेतन रोक दिया। वहीं, बैठक में प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए नियमानुसार कार्य करने की नसीहत दी। इसके साथ ही विभाग द्वारा किए गए दैनिक कार्यों की रिपोर्ट प्रतिदिन कैंप ऑफिस में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग शत-प्रतिशत किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित कराए। जिससे किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। जिले का कोई भी किसान सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे। खरीफ फसल के मद्देनजर बीज, खाद, कीटनाशक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखें।
जिससे किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि बरसात में पशुओं को बीमारी से बचाव हेतु टीकाकरण जल्द पूरा किया जाए। बैठक का संचालन उपनिदेशक कृषि सैयद बदरे आलम ने किया।
उन्होंने बताया कि जिले के किसान खेती किसानी संबंधित जानकारी लेने के लिए कृषि वैज्ञानिकों के टोल फ्री नंबर 9452247111 पर संपर्क कर सकते हैं। बैठक में आरपी राना, जगदीश तिवारी, एलडीएम, सहित तमाम विभागों के अधिकारी एवं किसान बंधु उपस्थित रहे।