बौंडी। ग्रेटर नोएडा में आयोजित सीआईएससीई राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की संयुक्त अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए महसी तहसील की ग्राम पंचायत सिसैय्या चूड़ामणि निवासी दिव्यांशी सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर बहराइच का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
गांव के दिनेश्वर सिंह की पुत्री दिव्यांशी ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में यह पांचवीं बार है, जब उनका चयन टीम में हुआ है। परिजनों के अनुसार बचपन से ही फुटबॉल के प्रति उनका विशेष लगाव रहा है। कठिन अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनका सपना भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करना है। दिव्यांशी के चाचा एवं महसी विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा कि दिव्यांशी की उपलब्धि पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।