इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट मैच खेलते खिलाड़ी।
बहराइच। शहर के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को चल रहे नासिर मेहंदी अंडर-16 जिला क्रिकेट टूर्नामेंट में डिवाइन क्रिकेट एकेडमी ने रोमांचक मुकाबले में स्टेडियम की टीम को एक रन से हरा दिया। डिवाइन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 154 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में स्टेडियम की टीम 153 रन ही बना सकी।
मुकाबले में टॉस जीतकर स्टेडियम की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी डिवाइन क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 21.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 154 रन बनाए। टीम की ओर से असद शाह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 78 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में स्टेडियम की ओर से आर्यन देव ने तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोकने का प्रयास किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टेडियम की टीम ने भी जीत के लिए संघर्ष किया। अहमद फारूक और मानवेन्द्र चैतन्य ने 28-28 रन बनाकर टीम की उम्मीदें बनाए रखीं, लेकिन पूरी टीम 153 रन पर सिमट गई। इस तरह स्टेडियम की टीम को महज एक रन से हार का सामना करना पड़ा। डिवाइन क्रिकेट एकेडमी की ओर से मयंक और अमित यादव ने दो-दो विकेट लेकर जीत में अहम योगदान दिया।