बहराइच। जिले की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था अब बदली-बदली नजर आएगी। लोगों को जाम से छुटकारा मिलेगा। घंटों जाम में फंसने वाले लोग अब आसानी से अपने गंतव्य को पहुंच सकेंगे। यातायात व्यवस्था को हाईटेक बनाने व जाम से निजात दिलाने के लिए 60 जवानों को ट्रैफिक विभाग में भेजा गया है। ट्रैफिक को संभालने के लिए होने वाली जानकारी के लिए सभी को प्रशिक्षित किया जा रहा है। एएसपी ग्रामीण को प्रशिक्षण का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जिले का ट्रैफिक विभाग जवानों की कमी से जूझ रहा था। पर्याप्त जवान न होने के कारण आए दिन चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। बढ़ रही जाम की समस्या को देखते हुए व जाम से निजात दिलाने के लिए जिले के थानों पर तैनात 60 पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक विभाग में भेजा गया है। इसके लिए सभी जवानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह हाईटेक रहे और कहीं कोई चूक न हों, इसके लिए पुलिस लाइन में प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत की गई है। ट्रैफिक विभाग के लिए चयनित 60 जवानों को 45 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसके बाद से इनके कंधों पर जिले की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
एएसपी नगर ने किया प्रशिक्षण का शुभारंभ
ट्रैफिक विभाग में भेजे गए 60 जवानों का प्रशिक्षण को शुरू कर दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ एएसपी नगर कुंवर ज्ञानेंजय सिंह ने किया। प्रशिक्षण में 12 जवान श्रावस्ती के भी शामिल हैं। उनको भी बहराइच में ही प्रशिक्षित किया जाएगा।
बेहतर होगी ट्रैफिक व्यवस्था
जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 60 जवानों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। 45 दिन के प्रशिक्षण के बाद यह सभी जवान ट्रैफिक व्यवस्था को संभालेंगे, जिससे यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी।
अशोक कुमार, एएसपी ग्रामीण