बहराइच। आदर्श नगर पंचायत कार्यालय में शनिवार को आयोजित एक बैठक के दौरान चेयरमैन डॉ. उमाशंकर वैश्य ने अधिशासी अधिकारी (ईओ) रामबदन यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। चेयरमैन ने ईओ पर असहयोग और उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली के कारण नगर पंचायत के विकास और प्रशासनिक कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं।
चेयरमैन ने आरोप लगाया कि पिछले छह महीनों से ईओ कार्यालय नहीं आ रहे हैं और कार्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेख अपने साथ ले गए हैं, जिससे काम करने में बाधा आ रही है। साथ ही, शनिवार को कार्यालय का फर्नीचर और अलमारियां भी बिना किसी सूचना के हटवा दी गईं।
आरोप है कि ईओ ने सफाईकर्मियों के बीच गुटबाजी पैदा कर दी है, जिससे कर्मचारियों और सुपरवाइजर के बीच अक्सर विवाद होता रहता है। चेयरमैन ने कहा कि कार्यालय के लिपिक भी ईओ के इशारे पर काम कर रहे हैं और सहयोग नहीं दे रहे। इसके अलावा, काम के सिलसिले में आने वाली जनता को ईओ द्वारा पुलिस कार्रवाई की धमकी देकर भगा दिया जाता है। वहीं अधिशासी अधिकारी रामबदन यादव ने कहा कि कोई भी सरकारी दस्तावेज चोरी नहीं किया गया है। नगर पंचायत से संबंधित सभी महत्वपूर्ण अभिलेख नानपारा में सुरक्षित हैं।