नानपारा (बहराइच)। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने मंगलवार को नानपारा तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया जिसमें मांगों के निस्तारण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष सुनीता आर्या की अगुवाई में कार्यकर्त्रियों ने नानपारा तहसील परिसर में प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि बलहा के असवा मोहम्मदपुर गांव में ड्यूटी कर रही बीएलओ के साथ गांव के ही राजेश वर्मा ने मारपीट की थी।
इस मामले में केस दर्ज किया गया था लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन किराया, पोषाहार ढुलाई आदि मुद्दों पर भी कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्त्रियों ने मंडलायुक्त मुरलीधर दूबे को ज्ञापन सौंपा जिस पर उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान किरन मिश्रा, अंजनी मिश्रा, शारदा सिंह, किरन साहू, सिराज फात्मा आदि मौजूद रहे।