बहराइच। अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी व अपराध में कमी लाने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है। इसके तहत व्यापारियों व समाज सेवियों को प्रोत्साहित कर प्रमुख चौराहों व नुक्कड़ों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जिले में 3000 कैमरे लगवाए जा चुके हैं। तेजी से अन्य स्थानों पर कैमरे लगवाने का प्रयास चल रहा है।
जिले में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इन घटनाओं का राजफास करने के लिए पुलिस जोर लगा रही है। बावजूद इसके अपराधियों की पहचान न हो सकने के चलते खुलासे में समय लग रहा है। जिस पर रोक लगाने और अपराधियों द्वारा अपराध करने के कुछ समय बाद ही उनकी धरपकड़ करने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है।
जिसके तहत सभी से घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की जा रही है। व्यापारियों व समाजसेवियों को जागरूक कर उनसे प्रमुख चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अब तक जिले के 22 थानों द्वारा 3002 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं।
सीसीटीवी लगवाने में कोतवाली देहात अव्वल
सीसीटीवी कैमरे लगवाने में कोतवाली देहात सभी 22 थानों में अव्वल है। कोतवाली देहात क्षेत्र में अब तक 342 कैमरे लगवाए गए हैं। इस सूची में बौंडी थाना 42 कैमरे लगवाने के साथ सबसे फिसड्डी है। कोतवाली नगर क्षेत्र में 308, कैसरगंज थाना क्षेत्र में 291, दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र में 269, जरवलरोड थाना क्षेत्र में 219, रुपईडीहा थाना क्षेत्र में 160, फखरपुर थाना क्षेत्र में 137, पयागपुर थाना क्षेत्र में 134, हुजूरपुर थाना क्षेत्र में 85, विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में 93, रानीपुर थाना क्षेत्र में 53 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं।
रिसिया थाना क्षेत्र में 98, नानपारा कोतवाली क्षेत्र में 138, नवाबगंज थाना क्षेत्र में 66, मटेरा थाना क्षेत्र में 114, मोतीपुर थाना क्षेत्र में 83, मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र में 66, सुजौली थाना क्षेत्र में 56, खैरीघाट थाना क्षेत्र में 117, हरदी थाना क्षेत्र में 48, रामगांव थाना क्षेत्र में 83 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं।
अपराध में आएगी कमी
रुपईडीहा थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह, डीसीआरबी प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा, स्वाट प्रभारी राजकुमार पांडेय, फखरपुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह, जरवलरोड थाना प्रभारी दद्दन सिंह आदि ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगने से अपराध में कमी आएगी। सभी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे देखने के बाद अपराधियों में पकड़े जाने का डर रहता है। वह अपराध करने से पीछे हटते हैं। अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी व सजा होने से भी अन्य अपराधियों में खौफ पैदा होता है।
10 हजार कैमरे लगाने का लक्ष्य
जिले में 10 हजार सीसीटीवी कैमरे लगवाने का लक्ष्य है। सभी थाना प्रभारियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक कर कैमरे लगवाने को निर्देशित किया गया है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगने से अपराध के ग्राफ में गिरावट आएगी। अपराधी त्वरित गति से सलाखों के पीछे पहुंचेंगे।
प्रशांत वर्मा, एसपी