कैसरगंज (बहराइच)। बरुहा गांव में तकनीकी खराबी के कारण एक सप्ताह से बिजली सप्लाई ठप है। बिजली न मिलने से गांव के एक हजार लोगों को परेशानी हो रही है। इसकी शिकायत लोगों ने अवर अभियंता से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे गुस्साए ग्रामीणोें ने सोमवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
जरवल विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जरवल देहात के मजरा बरुहा में दो माह पूर्व प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत विद्युतीकरण किया गया था। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युतीकरण के बाद आनन-फानन में सभी को कनेक्शन देकर बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई। लेकिन तकनीकी खामी आने से सात दिनों से बिजली सप्लाई ठप है।
इसकी शिकायत लोगोें ने जरवल उपकेंद्र के अवर अभियंता से की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। इससे गांव की एक हजार आबादी बिजली-पानी के लिए तरस रही है। इससे गुस्साए ग्रामीण सोमवार को सैयद सरफराज अहमद की अगुवाई में तहसील मुख्यालय पहुंचे और पावर कॉर्पोरेशन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि मानक की अनदेखी कर सप्लाई शुरू कर दी गई, लेकिन अब सुचारु बिजली सप्लाई नहीं मिल रही है। ग्रामीणों ने सप्लाई जरवल देहात से जोड़े जाने की मांग की। प्रदर्शन के बाद सभी ने उपजिलाधिकारी रामजीत मौर्या को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर अहमद हुसैन, मोहम्मद महबूब, वाजिद रजा, जाकिर रजा, दीपू यादव, बहादुर वर्मा, मोहम्मद कलीम, सुमित वर्मा, शेर खां, मोहर्रम अली आदि मौजूद रहे।