नगर पालिका नानपारा की बोर्ड बैठक में बनाई गई कार्ययोजना, शासन को भेजा प्रस्ताव
शासन से धनराशि का आवंटन होते ही शुरू हो जाएगा नगर के विकास का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
नानपारा (बहराइच)। नगर पालिका नानपारा की नई सरकार का गठन होने के बाद नगर के विकास का खाका खींचा गया है। नगर के विकास को लेकर बनाई गई कार्ययोजना में करीब साढ़े दस करोड़ से अधिक का खर्च आएगा। बोर्ड की बैठक में कार्ययोजना पर चर्चा कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद नगर के विकास का कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।
नगर पालिका नानपारा की नई सरकार अस्तित्व में आने बाद अब नगर के विकास को लेकर नगर पालिका की नई सरकार ने कार्ययोजना बनाई है। कार्ययोजना के तहत नगर पालिका क्षेत्र के नागरिकों को शुद्ध पेयजल के लिए पाइप लाइन बिछाकर पानी टंकी का निर्माण, नगर के जलभराव वाले इलाकों में जलनिकासी के लिए सिवरेज सिस्टम, नगर क्षेत्र में नई इंटरलाॅकिंग सड़कों का जाल, नाली-नाले का निर्माण, नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर नए व आधुनिक उपकरणों की खरीदारी, नगर में प्रकाश व्यवस्था व जजर्र पड़े मार्गों की मरम्मत कराने का कार्य कराया जाएगा।
इन सब कार्यों पर करीब दस करोड़ 51 लाख 92 हजार का खर्च आएगा। नगर पालिका की दूसरी बोर्ड की बैठक में सभी प्रस्तावों पर सभासदों के साथ मंथन कर प्रस्ताव की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेज दिया गया है। नगर पालिका के नवनिर्वाचित चेयरमैन अब्दुल वहीद ने बताया कि वार्ड सभासदों के साथ बैठक कर सभी की सहमति के बाद प्रस्ताव बनाया गया है। नगर के विकास कार्यों के लिए बनाए गए प्रस्ताव में करीब साढ़े दस करोड़ से अधिक का खर्च आएगा। शासन से धनराशि स्वीकृति होने के बाद नगर के विकास की पहिया दौड़ा दी जाएगी।
शासन को ये भेजे गए प्रस्ताव
-79 लाख 44 हजार की लागत से शुद्ध पेयजल की व्यवस्था
-60 लाख 48 हजार की लागत से सीवरेज व जलनिकासी की व्यवस्था
-20 लाख की लागत से नगर में प्रकाश व्यवस्था
-92 लाख की लागत से नगर जर्जर सड़कों के मरम्मत का कार्य
- दो करोड़ की लागत से सफाई के लिए नए आधुनिक उपकरणों की खरीददारी
-पंडित दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत छह करोड़ से नगर में नई इंटरलाॅकिंग सड़क नाले व नालियों का निर्माण