वर्ष 2022-23 में नाला सफाई पर खर्च किए 1.25 करोड़
बहराइच। निकायों में जलनिकासी के उचित इंतजाम के लिए नाला व नालियों की सफाई के नाम पर भ्रष्टाचार का मामला उजागर हुआ है। बीते साल यहां पर 41 नालों की सफाई के नाम पर सवा करोड़ रुपये नगर पालिका ने खर्च कर दिए। वहीं इस साल इन्हीं नालों की सफाई महज 20 लाख में करवा दी गई। अब करीब एक करोड़ पांच लाख रुपये के कम खर्च से नाला साफ होने से अफसरों में भी हलचल है। पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी की जाने लगी है। लेकिन इसमें यदि सही से कार्रवाई हुई तो छोटे से लेकर कई बड़ों की भी गर्दन नपना तय माना जा रहा है। वहीं अन्य निकायों में भी ऐसे कार्यों की जांच कराई जा सकती है।
शहर में जलनिकासी के लिए नगर पालिका परिषद के द्वारा हर साल नाला सफाई का कार्य कराया जाता है। पिछले साल वर्ष 2022-23 में हुए इस काम में 41 नालों की सफाई पर सवा करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। लेकिन इस बार यही काम सिर्फ 20 लाख रुपये में कराया गया है। ऐसे मेें करीब एक करोड़ पांच लाख का घपला सिर्फ एक साल का सामने आया है। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि हर साल सिर्फ इस काम पर किस तरह से पैसों की बरबादी की जाती है। इसमें जहां विभागीय कर्मचारी व अधिकारी अपनी जेब गर्म करते हैं, वहीं जनप्रतिनिधियों को भी उनका बराबर का हिस्सा मिलता है। ऐसे में निकायों में नाला सफाई की जांच की बात सामने आने पर ये लोग खुद को बचाने की कोशिश में भी जुट गए है। (संवाद)
-
बाक्स-
पांच साल में एक करोड़ से ज्यादा का बिल
नगर निकाय से जुड़े विभागीय सूत्रों की माने तो शहर में बीते पांच साल में हर साल नाला सफाई करने के नाम पर एक करोड़ से अधिक रुपये खर्च किए गए। ऐसे में पांच साल में पांच करोड़ से अधिक रुपये खर्च हुए। जो काम हर साल बीस लाख व पांच साल में एक करोड़ में होता है उसमें पांच करोड़ से ज्यादा खर्च हो गए। ऐसे में नाला सफाई के नाम का बड़ा घपला उभरकर सामने आ सकता है।
पूरे मामले की होगी जांच
नगर पालिका परिषद बहराइच में बीते वर्ष नाला सफाई पर सवा करोड़ का खर्च किया गया था। जबकि इस बार बीस लाख में नाले साफ हुए हैं। ऐसे में यहां नाला सफाई के नाम पर बड़ा घपला सामने आया है। पूरे मामले की जांच कराने के आदेश दिए गए है। -शालिनी प्रभाकर, सिटी मजिस्ट्रेट
जांच के बाद दोषियों पर होगी कार्रवाई
इस साल शहर के 41 नाला 20 लाख खर्च कर साफ कराए गए हैं उन पर बीते साल सवा करोड़ खर्च हो गए थे। इस मामले की जांच कराकर जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -सुधा देवी, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद बहराइच