बहराइच। नए साल का सूरज चमक उठा है। उसकी किरणें कण-कण को रोशन कर ये संदेश दे रही हैं कि नव वर्ष मंगलमय हो। जो बीत गया उसे भूल जाओ और आज से, अभी से ही नई शुरुआत करो।
नई आकांक्षाएं, नई उम्मीदें लोगों के मन में हिलोरें मार रही है। विकास के नए आयाम गढ़ने के लिए शासन-प्रशासन ने भी तैयारी की है। तराईवासियों को इस वर्ष कई नई सौगातें मिलने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से जहां लखनऊ पहुंचना आसान हो जाएगा वहीं, आमान परिवर्तन का काम होने से व्यापारियों को काफी सुविधा मिलेगी। आइए जानते हैं कि 2016 में किन उम्मीदों को पंख लगेंगे।
हाईवे का काम भी होगा पूरा, मिलेगा नया बस अड्डा
इस साल परिवहन सुविधाएं और बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है। बहराइच बस अड्डे के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो चुका है। 2016 में नए शक्ल, सूरत में बहराइच बस अड्डा दिखेगा।
इसके साथ ही रुपईडीहा बस अड्डा भी संवरा नजर आएगा। एनएच 28सी के निर्माण की प्रक्रिया भी 2016 में पूरी होने की उम्मीद है, जिससे लखनऊ से रुपईडीहा तक लोग हिचकोलों लिए बिना आरामदायक यात्रा कर सकेंगे। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक अवधेश पाल का दावा है कि 2016 में यात्री सुविधाएं पहले से काफी बेहतर हो जाएंगी।
आमान परिवर्तन से सुलभ होगा रेल यातायात
रेलवे की आमान परिवर्तन योजना दशक भर से अधर में लटकी हुई है। 100 करोड़ बजट भी पास हो गया है। 2016 में आमान परिवर्तन योजना को पंख लगने की उम्मीद है। आमान परिवर्तन होने पर तराई के व्यवसाय में जहां सुधार आएगा, वहीं लोगों को सुगम रेल यातायात सुलभ हो सकेगा।
16 नए स्कूल खुलेंगे, बच्चों की उपस्थिति बढ़ेगी
बीते साल बुनियादी शिक्षा उतार-चढ़ाव के दौर से गुजरी। स्कूल में छात्रों की उपस्थिति को लेकर अधिकारियों और शिक्षकों में रस्साकसी का दौर चला। शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर भी सवाल उठते रहे।
वर्ष 2016 में इन समस्याओं से निजात मिलने की उम्मीद है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अमरकांत सिंह का कहना है कि 100 नहीं लेकिन 95 प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति स्कूलों में अवश्य की जाएगी।
शिक्षा स्तर के लिए ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर शिक्षकों का प्रशिक्षण होगा। एक जनवरी से सभी शिक्षक नियमित विद्यालय पहुंचे, इसके प्रयास होंगे। समग्र गांवों में 16 नए प्राथमिक विद्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।
हर घर तक पहुंचेगी बिजली
विद्युत महकमा हर घर में बिजली पहुंचाने की कवायद शुरू कर चुका है। 2016 में योजना पूरी तरह साकार होने की उम्मीद है। अधिशासी अभियंता आरिफ अहमद का कहना है कि अप्रैल तक भूमिगत केबलों द्वारा विद्युत सप्लाई शुरू करने की योजना है, जिससे कि आंधी और बरसात में भी विद्युत ट्रिपिंग की समस्या न हो।
हर घर को समुचित बिजली मिल सके। इसके अलावा गांवों की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 16 नए उपकेंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिन पर लगभग चार करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा।
स्वास्थ्य की विशेष देखभाल
वर्ष 2016 स्वास्थ्य विभाग के लिए काफी अहम होगा। इस साल जिला महिला अस्पताल में जहां सौ बेड की क्षमता वाले नए भवन के लोकार्पण की उम्मीद है, वहीं पुरुष अस्पताल में भी सौ और मरीजों के इलाज की व्यवस्था मुकम्मल होगी।
इससे बहराइच के अलावा श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर और नेपाल के मरीजों को संसाधनों का अभाव नहीं झेलना पड़ेगा। इस साल मेडिकल कॉलेज के निर्माण को भी पंख लगने की आस जताई जा रही है।
अस्पताल परिसर में रेडियोलॉजिस्ट यूनिट बनकर तैयार है। जल्द ही इसका संचालन किया जाएगा। यहां करीब 60 लाख की लागत से प्लास्टिक सर्जरी व बर्न वार्ड बनाया गया है।
प्लास्टिक सर्जरी से जहां झुलसे रोगियों को सुंदर काया प्रदान की जाएगी वहीं उन्हें कुशल चिकित्सकों की देखरेख में बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद है।
अस्पताल में किचन एंड लांड्री सर्विस सेंटर का भी संचालन होगा। तीमारदारों के ठहरने में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए अस्पताल परिसर में रैन बसेरा का निर्माण हुआ है। इसका संचालन भी नए साल में शुरू होने की उम्मीद है।
11550 को मिलेगा इंदिरा आवास
नए साल में जिला प्रशासन गरीब परिवारों को आवास देने की पहल कर रहा है। इस साल 11550 लोगों को इंदिरा आवास देने का लक्ष्य रखा गया है, जिस पर कुल 80 करोड़ 85 लाख का खर्च आएगा।
परियोजना निदेशक रजत यादव ने बताया कि 7394 लोगों को इंदिरा आवास का पैसा खाते में भेज दिया गया है। अन्य लोगों को आवास देने के लिए जांच की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने मनरेगा जॉब कार्ड धारक होने की अनिवार्यता के कारण कुछ समस्या आ रही हैं। हालांकि, इससे आवास मिलने वाले को अलग से मजदूरी के रूप में मनरेगा द्वारा 14440 रुपये भी दिए जा रहे हैं।
1032 लोहिया आवास भी बनेंगे
यूपी सरकार द्वारा संचालित समग्र लोहिया ग्राम योजना के तहत जनपद के 39 गांव चयनित किए गए थे। इन गांवों के 1032 लोगों को आवास देने का लक्ष्य रखा गया है, जिस पर 36 करोड़ 12 लाख रुपये का खर्च आएगा।
परियोजना निदेशक बताते हैं कि अभी तक 125 लोगों के खाते में धनराशि भेजी जा चुकी है। पंचायत चुनाव होने के कारण लोहिया आवास के चयनितों की सूची की जांच नहीं हो पा रही थी।
हालांकि, अब उनको आवास देने की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है। पीडी ने बताया कि आवास में तीस हजार रुपये से सोलर लाइट व पंखा भी लगाया जा रहा है।
नए वर्ष से विकास की उम्मीद
शिक्षा के क्षेत्र में पूरे वर्ष शिक्षक और शिक्षामित्र आंदोलित रहे। वहीं विकास की योजनाएं तो बनी, लेकिन साकार नहीं हो सकीं। बिजली व्यवस्था में कुछ काम जरूर हुआ। नव वर्ष 2016 में बेहतर विकास की उम्मीद है।
शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और रेल के साथ ही विकास के मामलों में योजनाएं बन चुकी हैं। बजट भी जिले को मुहैया है। उम्मीद है कि सभी योजनाएं धरातल पर उतर सकेंगी। आम आदमी को विकास की सुखद अनुभूति होगी।
- डॉ. एसपी सिंह, प्राचार्य किसान पीजी कॉलेज बहराइच