उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता।
बहराइच। शहर के बशीरगंज स्थित बिजली उपकेंद्र पर रविवार को आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान जूनियर इंजीनियर (जेई) सीडी गुप्ता को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर समस्याएं रखीं।
जिलाध्यक्ष फिरोज हैदर ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता का आर्थिक शोषण हो रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले जहां बिजली बिल करीब 1500 रुपये आता था, वहीं अब बढ़कर 6000 से 7000 रुपये तक पहुंच रहा है। इसके साथ ही गलत रीडिंग, अधिक दरें और तकनीकी खामियों के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। किसानों ने भी ट्यूबवेल पर लगाए जा रहे 4जी आधारित स्मार्ट मीटर पर नाराजगी जताई।
उनका कहना है कि नेटवर्क की समस्या से मीटर सही ढंग से काम नहीं कर रहे, जिससे सिंचाई प्रभावित हो रही है और खर्च बढ़ रहा है। इस दौरान कोषाध्यक्ष हाजी नूर अहमद, मो. सईद खान, शैलेंद्र त्रिपाठी, मो. मुजम्मिल, बुधराम पटेल, राहुल मौर्य, अनुज पाठक, मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।