बहराइच। यूपी एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट मिनिस्टि्रयल सर्विस एसोसिएशन ने विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को भोजनावकाश में कृषि भवन के समक्ष द्वार सभा का आयोजन कर विरोध दर्ज कराया। साथ ही 13 सूत्री मांगों की पूर्ति के लिए कृषि मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि कृषि विभाग के लिपिक संवर्ग के पुनर्गठन प्रस्ताव को भेजा नहीं जा रहा है, जबकि कार्य बढ़ गया है। वहीं कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक व वरिष्ठ सहायक से प्रधान सहायक के पद पर पदोन्नति भी लंबित है। जिसको लेकर विरोध किया जा रहा है।
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुलाम रसूल ने बताया कि कृषि मंत्री को मांगपत्र भेजकर पदोन्नति अर्हता पूर्ण कर चुके मृतक आश्रित कनिष्ठ सहायकों की पदोन्नति, 15 वर्ष से अधिक की पूरी कर चुके कार्मिकों को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पद पर पदोन्नति, कृषि विभाग के जिला व तहसील स्तर के जर्जर कार्यालयों के जीर्णोद्धार आदि की मांग की गई है। इस दौरान महामंत्री अरविंद शर्मा, सैयद वाजिद रजा, सूरज पाठक, ज्योति श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।