17 बीएचआर 07 - रामगांव थानाक्षेत्र के मेटुकहा गांव करंट लगने से बालक की मौतमें करंट लगने से घायल बालि
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। मेटुकहा गांव में बुधवार को मटर तोड़ने गए भाई-बहन पड़ोसी के खेत में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गए। भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने का प्रयास कर रही बहन गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और मासूूूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामगांव थाना क्षेत्र के मेटुकहा गांव निवासी आठ वर्षीय मुन्नी देवी पुत्री रामसमुझ अपने छोटे भाई सात वर्षीय आकाश के साथ खेत से मटर तोड़ने के लिए निकली थी। उसके खेत केे बगल में ही पड़ोसी गोपाल का भी खेत है। गोपाल ने खेत को कटीले तारों से घेर रखा है और उसमें करंट दौड़ा रखा था। इस बात की जानकारी मटर तोड़ने गए भाई-बहन को नहीं थी। मटर तोड़ने के दौरान भाई-बहन करंट की चपेट में आ गए। भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने का प्रयास करते समय बहन झुलस गई।
पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पर रामगांव थानाध्यक्ष अभय सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और घायल बालिका को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पड़ोसी गोपाल के खेत में लगी फसल को जानवर नष्ट कर दे रहे थे। जानवरों से फसल को बचाने के लिए खेत के चारों ओर कटीले तार लगवा दिए और उसमें करंट दौड़ा दिया था। इसी वजह से बुधवार को यह हादसा हो गया।
बताया जाता है कि सात वर्षीय भाई आकाश को बचाने मेें बहन भी करंट की चपेट में आ गई थी। जिससे वह झुलस गई। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया गया है। जहां पर हालत नाजुक बताई जा रही है।