मोतीपुर (बहराइच)। चौधरी चरण सिंह सरयू बैराज के गेट नंबर एक में नेपाल में नहाते समय डूबे हुए युवक का शव मिला। गोताखोरों की मदद से शव नदी से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों के जरिए युवक की पहचान हो सकी। पुलिस को सूचना दी गई है।
सुजौली थाना क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह सरयू बैराज स्थित है। सोमवार को यहां गेट नंबर एक पर युवक का शव दिखाई पड़ा। बैराज कर्मचारियों द्वारा गेट को खोला गया। सूचना पर पहुंचे गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने शव की पहचान नेपाल राष्ट्र में वर्दिया जिले के गुलरिया नगर पालिका के वार्ड नंबर छह निवासी लगभग 18 वर्षीय प्रशांत मरसानी रिजाल पुत्र पवन रिजाल के रूप में की।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रविवार देर शाम गुलरिया के समीप बहने वाली भादा नदी पर बने पुल के पास साथियों के साथ नहाते समय प्रशांत नदी के तेज बहाव में बह गया था। सोमवार को वह बहता हुआ बैराज नदी के पास आकर गेट में फंस गया। आशंका के आधार पर पहुंचे रिश्तेदारों ने शव की पहचान कर ली है। प्रभारी निरीक्षक विनय सरोज ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।