नानपारा/अगैया (बहराइच)। नानपारा-रूपईडीहा मार्ग स्थित भोपतपुर पुल के नीचे बुधवार को नौ साल की बालिका का शव मिला है। उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं। प्रयास के बावजूद बालिका की शिनाख्त नहीं हो सकी। आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या करने के बाद शव फेंक दिया गया है। घटना की सूचना पर एएसपी ग्रामीण ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के बाईपास रोड पर भोपतपुर स्थित ओवरब्रिज के नीचे नौ साल की बालिका का शव कुछ लोगों ने देखा। बालिका के चेहरे पर चोट के निशान देखकर लोगों ने आशंका जताई कि उसकी हत्या करने के बाद शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया है। शव मिलने की सूचना पर नानपारा कोतवाल हर्षवर्धन सिंह मौके पर पहुंच गए। कोतवाल ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार भी मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक शव की पहचान न होने पर पोस्टमार्टम हाउस में रखने के लिए भेज दिया गया। कोतवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया बालिका के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए है। मुंह से उल्टी व नाक से खून भी निकला है। ऐसा ऊपर से गिरने पर सिर में चोट लगने से भी होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ भी कह पाना संभव है। रिपोर्ट मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भोपतपुर पुल के नीचे मिला बालिका का शव कई सवाल खड़े कर रहा है। लगभग दो किमी दूरी में पुल ही बना है। ओवरब्रिज के आसपास कोई घर या गांव भी नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि बालिका कहां से आई और कैसे गिर गई? अगर बालिका पुल से नीचे गिरी तो क्या कोई राहगीर नहीं देख पाया? जबकि पुल पर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। वहीं पुलिस पूरे मामले पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ बोलने को कह रही है।
एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि नानपारा में बालिका का शव मिला है। मौके पर निरीक्षण किया गया है। प्रयास के बावजूद भी पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के लिए 72 घंटे शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखा जाएगा। उसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।