कैसरगंज क्षत्र में बाग में युवक की जली हुई लाश मिलने के बाद जांच करती फॉरेंसिक टीम।
- फोटो : BAHRAICH
कैसरगंज (बहराइच)। लखनऊ-बहराइच हाईवे पर अकबरपुर खुर्द गांव के पास बाग में एक युवक की हत्या कर शव जला दिया गया। सूचना पाकर एसपी ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने ग्राम प्रधान की सूचना पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बहराइच-लखनऊ राजमार्ग के कैसरगंज थाना अंतर्गत अकबरपुर खुर्द गांव के पास अहद अली का बाग हाईवे से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर है। बाग में लगे सेमल के पेड़ के नीचे रविवार को सुबह एक अज्ञात युवक का अधजला शव पड़ा हुआ था। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना की जानकारी ग्राम प्रधान मोहम्मद हसीब ने पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस क्षेत्राधिकारी शंकर प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक की टीम को भी बुला लिया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि युवक का अधजला शव बरामद हुआ है। उसकी उम्र चालीस वर्ष के आसपास है। एसपी ने बताया कि आशंका है कि युवक की हत्या कहीं और की गई है। इसके बाद शव को यहां फेंका गया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया है। ग्राम प्रधान की सूचना के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
तो खैरी जंगल की अनसुलझी कहानी न रह जाए हत्या
बहराइच के कतर्नियाघाट जंगल में कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत खैरी जंगल में 18 फरवरी को इसी तरह से एक युवती का शव बरामद हुआ था। उसे भी जलाया गया था। शव मिलने के बाद पुलिस ने कई बार उसकी खोजबीन व पहचान के लिए अभियान चलाया। कोतवाली मुर्तिहा के साथ लखीमपुर, श्रावस्ती, बस्ती आदि जिलों में भी पहचान के लिए पुलिस टीम भेजी गई। मगर आठ माह बाद भी आज तक उसकी हत्या एक अनसुलझी पहेली ही रह गई है।