फखरपुर में एक दिन की थानाध्यक्ष बनी छात्रा रिजा खान। -संवाद
बहराइच। मिशन शक्ति 5.0 के तहत मंगलवार को जिले भर में बेटियों को एक दिन के लिए उच्च पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। कहीं बेटी कोतवाल बनी, तो कहीं खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) की कुर्सी पर बैठकर बेटियों ने आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
चित्तौरा ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय डीहा में कक्षा सात की छात्रा दीपिका गुप्ता को एक दिन का बीईओ बनाया गया। दीपिका ने विभागीय कार्यों का प्रतीकात्मक संचालन किया। बीईओ पुष्पेंद्र जैन ने उन्हें बुके देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में दिलीप पांडेय, विशेश्वर सिंह, नदीम वारसी, प्रखर शुक्ला और अजय मौजूद रहे।
फखरपुर में कक्षा 11 की छात्रा रिजा खान को एक दिन के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया गया। रिजा ने थाना संभालते ही शेरपुरवा निवासी साइना बानो और बसंता निवासी शनि गौड़ की शिकायतें सुनीं। प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गौड़ ने रिजा की सहायता की। इस दौरान अपराध निरीक्षक समर सिंह, एसआई सुदामा सिंह यादव, सरिता यादव व प्रधानाचार्य प्रवेश यादव भी मौजूद रहे।
वहीं, रुपईडीहा के आदर्श थाना में सरस्वती विद्या मंदिर की कक्षा सात की छात्रा माही मिश्रा को एक दिन का कोतवाल बनाया गया। माही ने थाना पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान एसआई दीक्षा पटेल ने छात्राओं को सुरक्षा के उपाय बताए। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत, आरक्षी उर्मिला सिंह, नीलम यादव, पूजा गौड़, मुख्य आरक्षी स्वतंत्र सिंह और विद्यालय की छात्राएं व शिक्षक भी मौजूद रहे।