फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धूमधाम से मना असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक दशहरा

विज्ञापन
बहराइच के रामलीला मैदान में मंगलवार को विजय दशमी के अवसर पर जलता रावण। - फोटो : BAHRAICH
विज्ञापन
बहराइच। असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व मंगलवार को जिले में धूमधाम से मना। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रामलीला मैदान में राम-रावण युद्ध का मंचन हुआ। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के अग्निबाण चलाते ही लगभग 45 फिट का रावण का पुतला धू-धू कर जल गया और इस तरह एक बार फिर बुराई पर अच्छाई की जीत के साथ ही अनाचार पर सदाचार की विजय और असत्य पर सत्य की जीत हुई।
विज्ञापन

इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने जनपदवासियों को विजयदशमी की बधाइयां दीं। ग्रामीण अंचलों में भी दशहरे की धूम रही। दशहरा के दिन रामलीला में राम और लक्ष्मण मैदान पहुंचे। इससे पूर्व प्रकांड विद्वान रावण ने राम से युद्ध में विजय प्राप्ति के लिए शहर के पांडवकालीन श्री सिद्धनाथ मंदिर में शिव की आराधना कर विजय का आशीष मांगा।
इसके बाद नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रावण सेना सहित झिंगहाघाट स्थित लीला स्थल पहुँचा। राम-रावण युद्ध से पूर्व हुई लीला में कुम्भकर्ण और मेघनाथ भी मारे गए। इसके बाद राम और रावण का युद्ध शुरू हुआ। घंटों चले युद्ध के बाद राम के एक साथ 21 बाण छोड़े जाने पर रावण के नाभि का अमृत सूख जाता है।
विज्ञापन

उसके दसों सिर और दसों भुजाएं कट गई। इसी के साथ रावण का अंत हो गया। रावण का वध होते ही पूरा रामलीला मैदान भगवान राम के जयकारों से गूंज उठता है। बाद में रावण का पुतला दहन हुआ। श्री राम के अग्निबाण चलाते ही रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। दशहरा मेला देखने को शहर ही नहीं पूरे जिले से भारी भीड़ जुटी।
नगर में हुए दशहरा मेले में मंगलवार को रावण वध का सजीव मंचन किया गया। प्रख्यात रामलीला का मंचन व्यास दीपक कृष्ण गोस्वामी के निर्देशन में अपनी अभिनय प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया। वृंदावन के कलाकारों द्वारा रामलीला में मेघनाद, कुंभकर्ण वध के बाद रावणवध की लीला का कलाकारों ने सजीव मंचन किया।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, सांसद अक्षयवर लाल गोंड, विधायक अनुपमा जायसवाल, सुरेश्वर सिंह, पूर्व विधायक दिलीप वर्मा, डीएम शंभु कुमार, एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने उपस्थित लोगों से अपने अंदर मौजूद अहंकार जैसी बुराई को छोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन राम लीला कमेटी के अध्यक्ष श्याम करण टेकड़ीवाल ने किया।
इस अवसर पर प्रबंधक राधा रमण यज्ञसैनी, उपाध्यक्ष जय जय अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, मीडिया प्रभारी सचिन श्रीवास्तव, कमल शेखर गुप्ता, हरीश चन्द्र गुप्ता, राकेश चन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, राम किशोर गुप्ता, राहुल रॉय, गौरव वर्मा, आनंद गोंड, मंदीप सिंह, राजन सिंह, अभिषेक वर्मा आदि मौजूद रहे। रिसिया में भी दशहरा की धूम रही।
रेलवे स्टेशन मैदान में रावण के पुतले का दहन हुआ। महसी के जैतापुर में पंडित सत्यदेव मणि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दशहरे पर रावण के पुतले का दहन हुआ। पयागपुर, खुटेहना, नानपारा में भी रावण के पुतले का दहन हुआ।
विजयदशमी की लोगों ने एक दूसरे को बधाइयां दीं। कैसरगंज में भी विजयादशमी पर्व हर्षोल्लास से मना। कैसरगंज कस्बे के रामलीला मैदान में 35 फीट ऊंचा रावण का पुतला लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।
ड्रोन रखी गई मेला स्थल पर नजर
रामलीला मैदान में चप्पे-चप्पे पर पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे। चार वीडीओ कैमरे से मैदान की वीडियोग्राफी भी होती रही। ड्रोन कैमरे भी लगाए गए थे। हालांकि भारी भीड़ के चलते नानपारा-बहराइच मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा। नानपारा से आने वाली बसें झिंगहाघाट पुल के उस पार ही रोक दी गईं।
भव्य विजय जुलूस निकला
रिसियामोड़। रिसिया नगर में आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित विजयादशमी महोत्सव में परंपरागत तरीके से रावण का वध हुआ। रावण का पुतला धू-धू कर जलते ही आयोजन स्थल आतिशबाजी से गूंज उठा। इसके बाद लक्ष्मण व हनुमान की भव्य झांकी नगर में बैंडबाजे की धुन पर निकाली गई। विजय जुलूस का जगह-जगह स्वागत हुआ। रामलीला मैदान पर प्रभारी निरीक्षक प्रेमप्रकाश पांडेय, पूर्व चेयरमैन राजेश निगम, रामलीला कमेटी के पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें