धरसवां (बहराइच)। कोतवाली देहात के धरसवां गांव के पास शुक्रवार को अज्ञात दबंगों ने चौपहिया वाहन सवार से वाहन छीन भाग गए। वाहन स्वामी ने एसपी को पत्र सौंपकर मुकदमा दर्ज कर वाहन की बरामदगी की मांग की है।
धरसवां निवासी वाहन स्वामी अवधेश कुमार ने बताया कि उसका ड्राइवर चौपहिया वाहन लेकर बहराइच जा रहा था। गोंडा हाईवे पहुंचने पर कुछ अज्ञात बदमाश ड्राइवर को रोककर जान से मारने की धमकी देते हुए वाहन को छीनकर फरार हो गए। वाहन स्वामी का कहना है कि वाहन में 44 सौ रुपये के साथ वाहन के मूल कागजात व ड्राइविंग लाइसेंस रखा था। पीड़ित ने मामले में एसपी को पत्र सौंपकर मुकदमा दर्ज करते हुए वाहन के बरामदगी की मांग की है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह से जब बात की गई, तो उन्होंने बताया कि उनको ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।