बहराइच। एटीएम से कैश निकले बिना ही खाते से रकम कटने से परेशान एक व्यक्ति अपनी रकम वापस पाने के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हो गया। साइबर ठगों ने ऐप डाउनलोड कराकर उसके खाते से 1.41 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
बौंडी थाना क्षेत्र के बौंडी गांव निवासी मनीष कुमार त्रिवेदी पुत्र रामकृष्ण त्रिवेदी एटीएम से रुपये निकालने गए थे। उन्होंने दो बार रकम निकालने का प्रयास किया। दोनों बार पैसे तो नहीं निकले मगर खाते से रकम कट गई। एटीएम ग्राहक सेवा प्रतिनिधि का नंबर स्विच ऑफ होने पर मनीष ने गूगल पर रिफंड रिकवरी की जानकारी लेनी चाही। जहां उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला।
उस नंबर पर कॉल करने पर बताया गया एनीडेस्क रिमोट कंट्रोल ऐप डाउनलोड करने के बाद ही पैसे वापस दिलाए जाएंगे। ऐप को डाउनलोड करने के बाद साइबर ठगों ने मनीष के खाते से पहली बार में 99,999 रुपये व दूसरी बार में 41 हजार रुपये निकाल लिए। बुबकापुर मरौचा स्थित बैंक शाखा के प्रबंधक विजय शंकर दीक्षित ने बताया कि इस तरह किसी भी नंबर पर कॉल न करें। एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।