बहराइच। नवोदय विद्यालय में सीनियर छात्रों के जूनियर नाबालिग छात्र की पिटाई करने के मामले को बाल कल्याण समिति की पीठ (सीडब्ल्यूसी) ने गंभीरता से लिया है। घटना में कोतवाली देहात की पुलिस की ओर से कार्रवाई न करने और विद्यालय के प्राचार्य पर घटना में हीलाहवाली बरतने के आरोप में सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष ने दोनों से स्पष्टीकरण मांगा है। अध्यक्ष ने एसपी को भी कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पत्र भेजा है।
थाना हरदी के एक गांव निवासी 15 वर्षीय छात्र कीर्तनपुर स्थित नवोदय विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र है। आरोप है कि 19 नवंबर को कक्षा नौ के सीनियर छात्रों ने शाम को छात्र से मेस से खाना लाने को कहा था, लेकिन छात्र ने अपने सीनियर छात्रों से यह कहकर खाना लाने से मना कर दिया कि वह काॅलेज में पढ़ने के लिए आया है, काम करने नहीं। यह बात सीनियर छात्रों को नागवार लगी। इसपर गुस्साए 12 से अधिक सीनियर छात्रों ने रात में उसके कमरे में घुसकर राॅड से जमकर पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला विद्यालय के प्राचार्य के संज्ञान में आने बाद प्राचार्य ने घटना में लीपापोती करते हुए दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिश की। जब बात नहीं बनी, तो विद्यालय प्रशासन ने घटना के दूसरे दिन पीड़ित छात्र के पिता को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे छात्र के पिता ने तहरीर के माध्यम से सीनियर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर घटना की सूचना कोतवाली देहात में दी। पिता का आरोप है कोतवाली प्रभारी ने न तो बच्चे का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और न ही मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी ने यह कहकर पिता को थाने से टरका दिया कि मामला सीडब्ल्यूसी की न्याय पीठ को भेजेंंगे, उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित बच्चे के पिता ने बाल कल्याण समिति न्याय पीठ प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
..........................
एसपी को कार्रवाई के लिए लिखा पत्र
सीडब्लूसी के अध्यक्ष सतीश श्रीवास्तव ने एसपी को भेजे गए पत्र में कोतवाली देहात प्रभारी पर घटना में घोर लापरवाही करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एसपी से कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ घटना में हीलाहवाली का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की बात कही है।