बहराइच। कोरोना वायरस से बचाव के लिए पीएम नरेद्र मोदी की ओर से जनता कर्फ्यू की अपील की गई है। इसको सफल बनाने के लिए शनिवार को बहराइच की गली-गली में आवाज गूंजी। सब लोगों ने संकल्प लिया कि रविवार को हम अपने परिवार के साथ अपने घरों में ही रहेंगे। देश की भलाई के लिए पीएम कई ओर से लिए गए फैसले को साकार करना है, जिससे देश में फैल रहे कोरोना वायरस का चैन टूट सके। जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए जिले के प्रबुद्धजनों ने भी अपील की है कि अपने घरों में रविवार के दिन परिवार के साथ रहें और शाम पांच बजे देश की सेवा में लगे लोगों के लिए घर के बाहर या बालकनी में खड़े होकर ताली और बर्तन बजाकर ध्वनि करें।
जिला पंचायत अध्यक्ष नदीम मन्ना ने कहा कि आपकी एक पहल से पूरे देश को मजबूती मिलेगी। आप अपने ही घर में अपने परिवार के साथ रहकर देश को मजबूत बनाने में योगदान दे सकते है। जिलेवासियों से अपील है कि वह रविवार को अपने घर में ही रहें। अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकले। वहीं पूर्व चेयरमैन हाजी रेहान आढती ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की अपील के बाद जनता की सुरक्षा के प्रति लिए गए फैसले को सफल बनाना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए दो दिन से लगातार अभियान चलाकर लोगों को जनता कर्फ्यू के प्रति जागरूक कर उन्हें रविवार को अपने घर में रहने की अपील की गई है। मुझे पूरा विश्वास है कि जनता अपने घरों में रहकर करोना को मात देगी।
वहीं नानपारा वाली मस्जिद के इमाम कारी जुबेर अहमद ने कहा कि देश में बढ़ रहे कोरोना के प्रकोप को रोकने के लिए नमाज के बाद सभी नमाजियों से जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए अपील की गई है। सब लोग रविवार को अपने घर में ही रहे और अमन-चैन की दुआ करें। सिद्धनाथ मंदिर के महामंडलेश्वर रविगिरी जी महराज ने कहा कि मंदिर आने वाले भक्तों व जिलेवासियों से अपील की जा रही है कि वह रविवार को अपने घरों में रहकर जनता कर्फ्यू को सफल बनाएं। इसके साथ ही दूसरों से भी घर पर ही रहने की अपील करें। आपकी सतर्कता ही आपका बचाव है।
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक बृजेश ने कहा कि जिला अस्पताल में आने वाले मरीज के साथ तीमारदारों को इलाज के साथ जनता कर्फ्यू की जानकारी दी जा रही है। बढ़ रहे कोरोना वायरस से बचने के लिए भी मरीज व तीमारदारों को भी सतर्कता बरतने को कहा गया है। वहीं अधिवक्ता आलोक पाठक कहते हैं कि कचहरी में आने वाले वादकारियों के साथ लोगों को फोन कर रविवार को घर में रहने की अपील की गई है। इसके साथ ही कोरोना से बचाव के लिए अन्य लोगों को भी जागरूक करने को कहा जा रहा है। सभी पीएम के अपील को सफल बनाएंगे। वहीं शिक्षक रंजना पीटर ने कहा कि स्कूल में आने वाले बच्चों के अभिभावकों से बच्चों व परिवारवालों को घर रहने की अपील की है। उनसे बात कर कहा है कि रविवार को अपने परिवार के साथ ही रहे और पीएम के अपील को साकार बनाएं।