नानपारा (बहराइच)। श्रावस्ती सहकारी चीनी मिल लिमिटेड इकाई नानपारा में पेराई सत्र का शुभारंभ गुरुवार को जिलाधिकारी अभय कुमार ने किया।
मिल में दिसंबर से लेकर मार्च तक 35 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा है। इसे पूरा करने और किसानों के समय से भुगतान करने के लिए डीएम ने मिल प्रबंधन को निर्देश दिए।
पेराई सत्र के उद्घाटन पर विधि-विधान से पूजा करने के दौरान डीएम ने गुलालपुरवा गांव निवासी मोतीलाल की गन्ना लदी बैलगाड़ी की तौल कराई, जबकि असवा मोहम्मदपुर निवासी जगदीश प्रसाद के ट्रैक्टर-ट्रॉली की तौल कराई गई।
फिर जिलाधिकारी ने डोंगे में गन्ना डालकर मशीन का बटन दबाया। इसके साथ ही मिल ने गन्ना पेराई शुरू कर दी। नानपारा चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक आरबी यादव ने बताया कि इस बार चीनी मिल ने 35 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा है, जिसे मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम अमिताभ यादव, सीओ भरत यादव, शैलेंद्र सिंह, रामहर्ष यादव, पीके श्रीवास्तव, एसके झा, खुर्शीद रिजवी आदि मौजूद रहे।